मुरादाबाद। मुरादाबाद विकास प्राधिकरण (एमडीए) ने अवैध निर्माणों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार को दो स्थानों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए निर्माणाधीन भवनों को सील कर दिया। यह कार्रवाई एमडीए उपाध्यक्ष अनुभव सिंह के निर्देश पर की गई।
प्राधिकरण से प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना सिविल लाइन क्षेत्र की अगवानपुर चौकी अंतर्गत धर्मपुर शेरवा स्थित कोकरपुर में नगेन्द्र सिंह द्वारा करीब 7 हजार वर्ग मीटर क्षेत्रफल में बिना स्वीकृत मानचित्र के निर्माण कार्य कराया जा रहा था। शिकायत और निरीक्षण के बाद एमडीए की टीम मौके पर पहुंची। जांच में निर्माण कार्य नियमों के विपरीत पाया गया, जिसके बाद भवन को सील कर दिया गया।
वहीं दूसरी कार्रवाई थाना मझोला क्षेत्र के ढिढोरा में की गई, जहां पंकज सक्सेना द्वारा लगभग 70 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में बिना प्राधिकरण की अनुमति के निर्माण कराया जा रहा था। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य अवैध पाए जाने पर संबंधित भवन को भी सील कर दिया गया।

एमडीए सचिव पंकज वर्मा ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार का भवन निर्माण शुरू करने से पहले प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत कराना अनिवार्य है। बिना स्वीकृत नक्शे के निर्माण कार्य नियमों का उल्लंघन है और ऐसे मामलों में प्राधिकरण द्वारा सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि शहर के सुनियोजित विकास और अवैध निर्माणों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए प्रवर्तन दल लगातार निगरानी कर रहा है। भविष्य में भी अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता मेधा यादव, अवर अभियंता मृत्युंजय चौहान सहित प्रवर्तन टीम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
