मुरादाबाद। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को एक बड़ी कार्रवाई सामने आई। थाना मझोला क्षेत्र स्थित मंडी समिति गेट पर एंटी करप्शन टीम ने होमगार्ड विभाग के एक प्लाटून कमांडर को कथित रूप से रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद होमगार्ड विभाग में हड़कंप की स्थिति बन गई और पूरे मामले की चर्चा दिनभर होती रही।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, होमगार्ड जवान दिवाकर ने आरोप लगाया था कि ड्यूटी लगाने और अन्य प्रशासनिक कार्यों के नाम पर उससे अवैध धनराशि की मांग की जा रही थी। शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन संगठन ने मामले की गोपनीय जांच कर आरोपों का सत्यापन किया और इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की तैयारी की।
बताया जाता है कि सोमवार को मंडी समिति गेट पर एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाया। इसी दौरान जैसे ही प्लाटून कमांडर भोगराज सिंह ने शिकायतकर्ता से कथित रूप से चार हजार रुपये की रकम स्वीकार की, टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें मौके पर ही हिरासत में ले लिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से आसपास मौजूद लोगों में भी हलचल मच गई।

सूत्रों का कहना है कि शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया था कि ड्यूटी आवंटन को लेकर जवानों से लंबे समय से धन उगाही की शिकायतें सामने आ रही थीं। हालांकि इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी, लेकिन एंटी करप्शन की कार्रवाई ने विभागीय व्यवस्थाओं पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि सरकारी व्यवस्था में भ्रष्टाचार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और शिकायत मिलने पर त्वरित एवं कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

इस कार्रवाई के बाद जिले में यह मामला चर्चा का केंद्र बन गया है। लोगों का मानना है कि यदि इसी तरह भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार अभियान चलता रहा तो सरकारी तंत्र में पारदर्शिता और जवाबदेही को और मजबूती मिलेगी@जफर/INN
