मुरादाबाद। आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद सतपाल अंतिल के निर्देशन में संबंधित क्षेत्रों में ताजिया दफन स्थलों एवं मेला स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
क्षेत्राधिकारी ठाकुरद्वारा ने थाना भोजपुर क्षेत्र के ग्राम गोदी एवं सरसावा पहुंचकर ताजिया दफन स्थल तथा मेला स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आयोजकों और स्थानीय जिम्मेदार लोगों से बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा सुरक्षा, यातायात और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

वहीं थाना भगतपुर क्षेत्र के अलीगंज एवं दोलपुरी में पुलिस अधिकारियों ने ताजिया कमेटियों के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर मुहर्रम के दौरान निकलने वाले ताजियों की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने के निर्देश दिए। साथ ही आयोजकों से प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा किसी भी समस्या की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।
पुलिस अधिकारियों ने बीट आरक्षियों को प्रतिदिन अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर गतिविधियों पर नजर रखने, ताजिया समितियों के संपर्क में रहने तथा किसी भी संभावित समस्या का समय रहते समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मुहर्रम के दौरान शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सभी आयोजन निर्धारित नियमों और प्रशासनिक निर्देशों के अनुरूप ही संपन्न कराए जाएंगे@जफर/INN
