मुरादाबाद। 12वें अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित 07 दिवसीय योग सप्ताह का शुभारम्भ मंडलायुक्त श्री आञ्जनेय कुमार सिंह एवं जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया द्वारा बलदेव अग्रवाल नेचुरोपैथी केंद्र मुरादाबाद में दीप प्रज्वलित करने के उपरांत योगाभ्यास के साथ किया गया।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं योग साधकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए योगाभ्यास किया।

इस अवसर पर मंडलायुक्त आञ्जनेय कुमार सिंह ने कहा कि सरकार द्वारा योग के प्रति लोगों को प्रेरित करने का उद्देश्य केवल रोगों का उपचार नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य के दो प्रमुख पहलू होते हैं—चिकित्सा और वेलनेस, यदि व्यक्ति वेलनेस पर ध्यान दे तो चिकित्सा की आवश्यकता स्वतः कम हो जाती है। योगाभ्यास शरीर, मन और आत्मा को स्वस्थ रखने का सर्वोत्तम माध्यम है।

उन्होंने कहा कि भगवान धन्वंतरि वेलनेस के प्रतीक हैं और यदि हमें अस्पतालों एवं चिकित्सकीय उपचारों पर निर्भरता कम करनी है तो योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना होगा। जिस प्रकार नियमित खान-पान आवश्यक है, उसी प्रकार नियमित योगाभ्यास भी स्वस्थ जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक है।

जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने अपने संबोधन में योग के पांच नियमों का उल्लेख करते हुए उनके महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सृष्टि के नियम ही प्रकृति के नियम हैं और जब मनुष्य का शरीर, आत्मा और प्रकृति एकाकार हो जाते हैं, तभी वास्तविक योग की अनुभूति होती है। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं,बल्कि एक संतुलित जीवन दर्शन है।

उन्होंने कहा कि शुद्ध आहार, सकारात्मक विचार, उत्तम संस्कार और अनुशासित जीवनशैली भी योग का ही स्वरूप हैं। माता-पिता द्वारा दिए गए श्रेष्ठ संस्कारों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना भी योग की भावना को आगे बढ़ाना है। उन्होंने सभी उपस्थित लोगों से आह्वान किया कि योग सप्ताह के दौरान स्वयं योग करें तथा अन्य लोगों को भी योग के प्रति जागरूक करें।

कार्यक्रम में जनपद की विभिन्न योग एवं आध्यात्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इनमें पतंजलि योग समिति, मोक्षायतन योग आश्रम, आर्ट ऑफ लिविंग, ब्रह्माकुमारीज, हार्टफुलनेस संस्थान, भारतीय योग संस्थान तथा राष्ट्रीय आयुर्वेदिक परिषद सहित अन्य संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन एवं योग प्रोटोकॉल का अभ्यास मास्टर योग ट्रेनर श्री गौरव त्यागी द्वारा कराया गया। वहीं योग प्रशिक्षक श्री ज्ञान प्रकाश एवं श्री देवेंद्र कुमार ने विभिन्न योग क्रियाओं एवं आसनों का प्रदर्शन कर उपस्थित जनसमूह को योगाभ्यास के प्रति प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंत में क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. अमरदीप सिंह नायक ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया तथा आगामी 21 जून को कंपनी बाग, मुरादाबाद में आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम में अधिकाधिक संख्या में सहभागिता करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर जिला होम्योपैथिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. पवन नायक, आयुष विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारीगण, श्री नावेद आलम, श्री ललित कुमार (जिला कार्यक्रम प्रबंधक), योग प्रशिक्षिका मंजरी जैन, योग शिक्षिका नेहा चौधरी, योग सहायक यश चौधरी, कमित एवं सुनील सहित आयुष विभाग का समस्त स्टाफ उपस्थित रहे।
