मुरादाबाद। दिल्ली-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। कटघर थाना क्षेत्र में गांगन नदी पुल के समीप तेज रफ्तार रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि परिवार का मुखिया गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार संभल जिले के हयातनगर थाना क्षेत्र स्थित सरायतरीन निवासी जुनैद अपनी गर्भवती पत्नी सिमरन, तीन वर्षीय बेटे दानियाल और साली मंतशा के साथ बाइक से कहीं जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गांगन नदी पुल के पास पीछे से आ रही रोडवेज बस ने ओवरटेक करने के दौरान बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सभी लोग सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची तथा घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने सिमरन और मासूम दानियाल को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल मंतशा ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में घायल जुनैद का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही जिला अस्पताल में परिजनों की भीड़ जुट गई। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। जुनैद की मां ने बताया कि परिवार सुबह घर से निकला था और उन्होंने चंदौसी जाने की बात कही थी, लेकिन वे मुरादाबाद बाईपास क्षेत्र में कैसे पहुंचे, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है।

मृतक महिला के परिजनों ने बताया कि जुनैद अपनी पत्नी, बेटे और साली के साथ मुरादाबाद की ओर आ रहा था, तभी यह हादसा हो गया। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई है।
उधर, कटघर पुलिस ने हादसे में शामिल रोडवेज बस को कब्जे में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। बस चालक की भूमिका और लापरवाही के आरोपों की भी पड़ताल की जा रही है। तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है@जफर/INN
