मुरादाबाद। नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे सेवा पखवाड़ा अभियान के तहत गुरुवार को वार्ड संख्या-40 नवाबपुरा में जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान क्षेत्र के लोगों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर अपनी दैनिक समस्याओं और जनसुविधाओं से जुड़े मुद्दों को अधिकारियों के समक्ष रखा।

निगम के जूनियर इंजीनियर महावीर रेवेन्यू इंस्पेक्टर सतीश कुमार एवं जल निगम से देशांतर सहित नगर निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने नागरिकों की शिकायतों को सुनकर संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
जन संवाद के दौरान सबसे अधिक शिकायतें हाउस टैक्स और वॉटर टैक्स से जुड़ी सामने आईं। स्थानीय लोगों ने कर निर्धारण में त्रुटियां, बकाया बिलों की विसंगतियां और अभिलेखों में सुधार की मांग उठाई। अधिकारियों ने मामलों की समीक्षा कर समाधान कराने का भरोसा दिलाया।

इसके अलावा क्षेत्रवासियों ने सड़क, नाली और सफाई व्यवस्था को लेकर भी अपनी नाराजगी व्यक्त की। लोगों का कहना था कि कई स्थानों पर नालियां जाम रहने से बरसात के समय जलभराव की समस्या पैदा हो जाती है, जबकि कुछ सड़कों की स्थिति भी खराब है। नियमित सफाई और कूड़ा उठान व्यवस्था को और बेहतर बनाने की मांग भी रखी गई।

जनता ने पेयजल आपूर्ति और स्ट्रीट लाइटों से संबंधित समस्याओं को भी अधिकारियों के सामने रखा। कई लोगों ने पानी की अनियमित सप्लाई और कम दबाव की शिकायत की, वहीं खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को शीघ्र दुरुस्त कराने की मांग उठाई। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।
अधिकारियों ने कहा कि सेवा पखवाड़ा के माध्यम से प्रशासन लोगों की समस्याओं को वार्ड स्तर पर सुनकर उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का प्रयास कर रहा है। इस पहल से जनता और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित हो रहा है, जिससे शिकायतों के निस्तारण में तेजी आ रही है।

जन संवाद कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। उपस्थित लोगों ने नगर निगम की इस पहल को सकारात्मक बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से आम जनता को अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन तक पहुंचाने का प्रभावी मंच मिल रहा है@शांतनु/INN
