मुरादाबाद। गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित जिलाधिकारी कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने आम नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने भूमि विवाद, राजस्व संबंधी मामलों, अवैध कब्जों, पेंशन, आवास, विद्युत, पुलिस, विकास कार्यों तथा अन्य विभागों से जुड़ी शिकायतें जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत कीं। जिलाधिकारी ने प्रत्येक प्रकरण को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनता की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं संतोषजनक समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जन शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण समाधान किया जाए।
जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने विशेष रूप से राजस्व एवं भूमि संबंधी मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में यदि किसी स्तर पर अनावश्यक विलंब या उदासीनता पाई गई तो संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे और शिकायतकर्ताओं की समस्याओं के समाधान हेतु आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ की गई। जनसुनवाई के अंत में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों के निस्तारण की नियमित समीक्षा की जाए तथा प्रत्येक प्रकरण की प्रगति से शिकायतकर्ता को अवगत कराया जाए@शांतनु/INN
