मुरादाबाद। आगामी मोहर्रम पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को पंचायत भवन में प्रशासनिक अधिकारियों एवं शहर के गणमान्य नागरिकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसपी सिटी एवं एडीएम सिटी ने की।

बैठक में शहर इमाम सैयद मासूम अली आजाद, नायब शहर इमाम सहित विभिन्न धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों, ताजियादारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों ने सहभागिता की। इस दौरान मोहर्रम के जुलूसों के निर्धारित मार्ग, सुरक्षा प्रबंध, यातायात व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, साफ-सफाई और अन्य आवश्यक सुविधाओं को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मोहर्रम के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि असामाजिक तत्वों और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही उपस्थित लोगों से प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर त्योहार को सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने का आग्रह किया गया।

गणमान्य नागरिकों एवं धर्मगुरुओं ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि मोहर्रम आपसी भाईचारे, अनुशासन और परंपरागत मर्यादाओं के साथ मनाया जाएगा। अधिकारियों ने आमजन से अफवाहों से दूर रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा समस्या की जानकारी तत्काल प्रशासन को देने की अपील की।
