मुरादाबाद। जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता विषय पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट एवं कैरियर काउंसलर पेनू कुमारी द्वारा मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया।
अपने प्रस्तुतीकरण के दौरान पेनू कुमारी ने बताया कि वर्तमान समय में मानसिक तनाव, एंजायटी (चिंता), घबराहट, अवसाद, बाइपोलर डिसऑर्डर, पारिवारिक एवं वैवाहिक जीवन में तनाव, नशे की लत, क्रोध नियंत्रण की समस्या तथा बच्चों की उचित देखभाल एवं व्यवहार संबंधी चुनौतियां जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं को समय रहते पहचानकर उचित परामर्श एवं उपचार के माध्यम से प्रभावी रूप से नियंत्रित किया जा सकता है।

पेनू कुमारी
उन्होंने बताया कि मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए काउंसलिंग, मनोवैज्ञानिक असेसमेंट तथा विभिन्न प्रकार की थेरेपी अत्यंत प्रभावी माध्यम हैं। इनके माध्यम से व्यक्ति अपनी भावनात्मक एवं व्यवहारिक समस्याओं को समझकर उनका समाधान प्राप्त कर सकता है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि परामर्श प्रक्रिया पूर्णतः गोपनीय होती है, जिससे व्यक्ति बिना किसी संकोच के अपनी समस्याएं साझा कर सकता है।
कार्यक्रम में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति समाज में व्याप्त भ्रांतियों को दूर करने तथा समय पर विशेषज्ञ सहायता लेने की आवश्यकता पर भी चर्चा की गई। पेनू कुमारी ने कहा कि शारीरिक स्वास्थ्य की तरह मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि स्वस्थ मन ही व्यक्ति के समग्र विकास एवं बेहतर जीवन की आधारशिला है।
जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना वर्तमान समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को गंभीरता से लेने तथा आवश्यकता पड़ने पर विशेषज्ञों से परामर्श प्राप्त करने के लिए कहा।
