मुरादाबाद। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शासन के निर्देशानुसार जनपद में आयोजित किए जा रहे जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के क्रम में विकासखंड कुंदरकी की ग्राम पंचायत डींगरपुर में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। रात्रि चौपाल में विधायक कुंदरकी ठाकुर रामवीर सिंह, जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री सतपाल अंतिल ने ग्रामीणों से संवाद किया तथा उनकी समस्याओं को सुना।
डींगरपुर में आयोजित यह रात्रि चौपाल सायं 5:00 बजे प्रारंभ हुई और रात्रि 10:30 बजे तक चली। इस दौरान विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को लेकर केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यक्रमों तथा भविष्य की विकासपरक नीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्रता के अनुसार इन योजनाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विधायक कुंदरकी ठाकुर रामवीर सिंह ने सामाजिक उत्तरदायित्व का परिचय देते हुए आर्थिक रूप से कमजोर पांच परिवारों के बच्चों की शिक्षा एवं देखभाल का दायित्व ग्रहण किया। उन्होंने कहा कि समाज के सक्षम लोगों को भी जरूरतमंद परिवारों के सहयोग के लिए आगे आना चाहिए, जिससे बच्चों का भविष्य सुरक्षित और उज्ज्वल बनाया जा सके।

जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा आमजन के हित में अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं के लाभार्थियों का सत्यापन कर पात्र व्यक्तियों को समयबद्ध तरीके से लाभ उपलब्ध कराया जाए तथा प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने ग्राम पंचायत स्तर पर विकास कार्यों में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखने पर बल देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर अनियमितता अथवा नियमों की अनदेखी स्वीकार नहीं की जाएगी। चौपाल के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों का मौके पर सत्यापन भी कराया।
रात्रि चौपाल में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 26 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनके निस्तारण हेतु संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

कार्यक्रम के दौरान विधायक, जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा दो बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार तथा दो गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म संपन्न कराई गई। इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत तीन लाभार्थियों को उनके आवासों की चाबियां प्रदान की गईं और पांच लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड दिए गए।
रात्रि चौपाल में विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉल भी लगाए गए, जहां ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं लाभों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण, जिला स्तरीय अधिकारी, खंड स्तरीय अधिकारी, ग्राम प्रधान, पंचायत प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
