मुरादाबाद। थाना भोजपुर क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार चिकित्सक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ स्कूल जा रही छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा घायल छात्रा को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया।

जानकारी के अनुसार घास मंडी स्थित क्लीनिक संचालक डॉ. मोहम्मद आरिफ पुत्र मोहम्मद यूसुफ शुक्रवार सुबह लगभग 6:30 बजे अपने परिचित चिकित्सक डॉ. रिंकी की पुत्री को स्कूटी से स्कूल छोड़ने जा रहे थे। बताया जाता है कि जब वह भोजपुर बस स्टैंड के पास पहुंचे, तभी ठाकुरद्वारा की ओर से तेज गति से आ रही एक प्राइवेट बस ने उनकी स्कूटी को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी चालक डॉ. आरिफ सड़क पर गिर पड़े और गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं स्कूटी पर सवार छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल छात्रा को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया तथा मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजन और परिचित मौके पर पहुंच गए। परिवार में कोहराम मच गया और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

बताया जा रहा है कि हादसे को अंजाम देने वाली प्राइवेट बस का नंबर UP 21 FT 1786 है। स्थानीय लोगों ने बस की तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण बताया है। पुलिस ने बस और उसके चालक के संबंध में जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि मामले में तहरीर प्राप्त होने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं क्षेत्रीय लोगों ने प्रशासन से तेज रफ्तार बसों पर अंकुश लगाने और दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
इस दर्दनाक हादसे ने एक परिवार से उसका सहारा छीन लिया, जबकि एक मासूम छात्रा जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है@जफर/INN
