मुरादाबाद। जनपद मुरादाबाद की महिला आरक्षी सरिता शर्मा ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर मुरादाबाद पुलिस और उत्तर प्रदेश पुलिस का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद सतपाल अंतिल ने उन्हें सम्मानित कर शुभकामनाएं प्रदान कीं।
शुक्रवार को एसएसपी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान महिला आरक्षी सरिता शर्मा को उनकी उत्कृष्ट खेल उपलब्धि के लिए सम्मानित किया गया। सरिता शर्मा वर्तमान में एलआईयू शाखा, मुरादाबाद में नियुक्त हैं तथा 6वीं वाहिनी पीएसी मेरठ की उत्तर प्रदेश योग टीम से भी संबद्ध हैं।
गौरतलब है कि हरियाणा के मधुबन में 23 से 27 मई 2026 तक आयोजित ऑल इंडिया पुलिस वेटलिफ्टिंग क्लस्टर 2026-27 में सरिता शर्मा ने योग (रिदमिक पेयर) स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में देशभर की पुलिस इकाइयों के खिलाड़ियों ने भाग लिया था, जहां सरिता शर्मा ने अपनी प्रतिभा और मेहनत का परिचय देते हुए पदक अपने नाम किया।
एसएसपी सतपाल अंतिल ने सरिता शर्मा को सम्मानित करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि न केवल मुरादाबाद पुलिस बल्कि संपूर्ण उत्तर प्रदेश पुलिस के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि सरिता शर्मा जैसी खिलाड़ी पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणा स्रोत हैं और उनकी सफलता अन्य जवानों को भी खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी।
महिला आरक्षी सरिता शर्मा की इस सफलता से पुलिस विभाग में खुशी का माहौल है। अधिकारियों और सहकर्मियों ने उन्हें बधाई देते हुए भविष्य में और अधिक उपलब्धियां हासिल करने की शुभकामनाएं दी हैं@जफर/INN
