देश की राजधानी दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा और उनकी शिकायतों के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से पहली बार पूर्णकालिक महिला पुलिस स्टेशन की शुरुआत की गई है। उत्तर दिल्ली के सब्जी मंडी क्षेत्र में स्थापित इस विशेष पुलिस स्टेशन का उद्घाटन शुक्रवार को दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने पुलिस आयुक्त सतीश गोलछा की मौजूदगी में किया।
उद्घाटन समारोह के दौरान उपराज्यपाल ने कहा कि यह थाना महिलाओं को अपनी समस्याएं और शिकायतें सीधे तौर पर रखने के लिए एक सुरक्षित और भरोसेमंद मंच प्रदान करेगा। उन्होंने यह भी बताया कि भविष्य में दिल्ली के अन्य जिलों में भी इसी तरह के महिला पुलिस स्टेशन स्थापित किए जाएंगे।
इस अवसर पर एक नई पहल की भी घोषणा की गई। अब प्रत्येक शनिवार को शहर के विभिन्न पुलिस थानों में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ‘जन सुनवाई’ कार्यक्रम आयोजित करेंगे, जहां आम नागरिकों की शिकायतें सुनी जाएंगी और उनके समाधान का प्रयास किया जाएगा।
यह पुलिस स्टेशन पूरी तरह महिला कर्मियों द्वारा संचालित होगा। यहां तैनात जांच अधिकारी, प्रशासनिक कर्मचारी और अन्य स्टाफ सभी महिलाएं हैं। थाना विशेष रूप से महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों, जैसे घरेलू हिंसा, यौन उत्पीड़न, पीछा करने (स्टॉकिंग) और शारीरिक हमलों से जुड़े मामलों की रोकथाम, जांच और प्रभावी कार्रवाई पर केंद्रित रहेगा।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, थाने में कानूनी जागरूकता अभियान, काउंसलिंग सत्र और सामुदायिक संपर्क कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि महिलाओं को उनके अधिकारों और उपलब्ध कानूनी सहायता के प्रति जागरूक किया जा सके।
