WhatsApp अब तक पूरी तरह मुफ्त मैसेजिंग ऐप के तौर पर इस्तेमाल किया जाता रहा है, लेकिन अब कंपनी ने पहली बार एक पेड सब्सक्रिप्शन प्लान पेश किया है। भारत में WhatsApp Plus नाम से यह नया प्लान चुनिंदा यूजर्स के लिए रोलआउट किया जा रहा है, जो Android और iPhone दोनों पर उपलब्ध होगा।
इस प्लान की कीमत 79 रुपये प्रति माह बताई जा रही है। हालांकि शुरुआत में यूजर्स को एक महीने का फ्री ट्रायल मिलेगा, जिससे वे फीचर्स को इस्तेमाल करके यह तय कर सकेंगे कि उन्हें इसकी जरूरत है या नहीं।
WhatsApp Plus कोई ऐसा प्लान नहीं है जो ऐप के मूल फीचर्स को बदल दे। मैसेजिंग, वॉयस और वीडियो कॉलिंग, स्टेटस अपडेट तथा एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन जैसी सुविधाएं पहले की तरह सभी यूजर्स के लिए मुफ्त रहेंगी। यह सब्सक्रिप्शन मुख्य रूप से उन लोगों के लिए है जो WhatsApp को अधिक पर्सनल और अलग अंदाज में इस्तेमाल करना चाहते हैं।
WhatsApp Plus के साथ यूजर्स को ऐप का लुक बदलने के लिए 18 नए कलर थीम्स मिलते हैं। इसके अलावा WhatsApp आइकन को भी अपनी पसंद के मुताबिक बदलने का विकल्प दिया गया है, जिसके लिए 14 अलग-अलग डिजाइन उपलब्ध हैं।
कंपनी ने कुछ अतिरिक्त फीचर्स भी जोड़े हैं। इसमें एक्सक्लूसिव रिंगटोन, नए स्टिकर पैक और चैट मैनेजमेंट के बेहतर विकल्प शामिल हैं। सबसे खास बात यह है कि यूजर्स अब अपनी चैट लिस्ट में पहले से ज्यादा, यानी 20 तक चैट्स को पिन कर सकेंगे।
सब्सक्रिप्शन लेने के लिए WhatsApp Settings में मौजूद Subscriptions सेक्शन में जाकर WhatsApp Plus को एक्टिव किया जा सकता है। भुगतान Google Play Store या App Store के जरिए होगा और एक्टिवेशन के बाद यूजर को इसकी पुष्टि भी मिल जाएगी।
हालांकि यह सुविधा फिलहाल चरणबद्ध तरीके से जारी की जा रही है। ऐसे में अगर आपके WhatsApp में WhatsApp Plus का विकल्प दिखाई नहीं दे रहा है, तो संभव है कि यह फीचर अभी आपके अकाउंट तक नहीं पहुंचा हो।
अब सवाल यह है कि क्या WhatsApp Plus लेना चाहिए? इसका जवाब आपकी जरूरत पर निर्भर करता है। यदि आप WhatsApp का इस्तेमाल केवल मैसेज भेजने, कॉल करने और स्टेटस देखने के लिए करते हैं, तो मौजूदा मुफ्त सुविधाएं आपके लिए पर्याप्त हैं। लेकिन यदि आप ऐप को ज्यादा कस्टमाइज करना चाहते हैं और एक्स्ट्रा फीचर्स का लाभ उठाना चाहते हैं, तो WhatsApp Plus आपके लिए एक विकल्प हो सकता है।
