मुरादाबाद। थाना सिविल लाइन्स क्षेत्र के अगवानपुर में बीती 13/14 जून की रात हुई गौकशी की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी पुनः गौकशी की वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। पुलिस से घिरने पर उन्होंने फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी। घायल आरोपियों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक अगवानपुर के जंगल में गौकशी की घटना के संबंध में थाना सिविल लाइन्स में गौवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर थाना सिविल लाइन्स पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों की घेराबंदी की।
पुलिस का दावा है कि खुद को घिरा देख आरोपियों ने अवैध तमंचों से पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में अजहर पुत्र नईम निवासी ओबरी थाना असमौली, जनपद सम्भल तथा आजम पुत्र कल्लू निवासी मंसूरपुर माफी थाना असमौली, जनपद सम्भल घायल हो गए और मौके से गिरफ्तार कर लिए गए।
पूछताछ में आरोपियों ने कथित रूप से स्वीकार किया कि उन्होंने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर अगवानपुर क्षेत्र में दो गोवंशीय पशुओं का वध किया था। आरोपियों ने बताया कि पशुओं का मांस विभिन्न स्थानों पर बेच दिया गया था, जबकि सिर, पैर, हड्डियां और खाल घटनास्थल पर ही छोड़ दी गई थीं। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने यह भी बताया कि वे मांस बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे और घटना के समय भी नए गोवंशीय पशुओं की तलाश में निकले थे।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे 315 बोर, तीन जिंदा और दो खोखा कारतूस, एक बुलेरो पिकअप वाहन, पशु वध में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, छुरियां, रस्सी और अन्य उपकरण, तीन मोबाइल फोन तथा 3200 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी गौवध, गैंगस्टर और अन्य आपराधिक मामलों के कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उनके फरार साथियों की तलाश में जुटी है और पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।
मुठभेड़ और गिरफ्तारी के संबंध में थाना सिविल लाइन्स में हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में एक और मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा@जफर/INN
