दिल्ली के शाहदरा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ने को लेकर हुए विवाद ने एक यात्री की जान ले ली। प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर योगा एक्सप्रेस में सवार होने की कोशिश कर रहे एक व्यक्ति का कुछ यात्रियों से विवाद हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मामूली कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई और आरोपियों ने यात्री की बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद रेलवे पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के बागपत निवासी पंकज धामा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि ट्रेन के कोच के दरवाजे पर खड़े कुछ यात्रियों से उनकी बहस हुई थी, जिसके बाद स्थिति बेकाबू हो गई। पुलिस स्टेशन और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा घटना में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
