उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में NEET परीक्षा की तैयारी कर रहे 22 वर्षीय छात्र ने कथित तौर पर अपने कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। घटना विजयनगर थाना क्षेत्र की है। बताया जा रहा है कि छात्र पिछले कई वर्षों से NEET परीक्षा की तैयारी कर रहा था, लेकिन बार-बार प्रयास के बावजूद सफलता नहीं मिलने से वह मानसिक तनाव में था।
परिजनों के अनुसार, गुरुवार रात वह रोज की तरह पढ़ाई करने के लिए अपने कमरे में गया था। शुक्रवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर परिवार के लोग अंदर पहुंचे, जहां छात्र का शव फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी।
जांच के दौरान पुलिस को छात्र के मोबाइल फोन में एक वीडियो मिला, जिसे उसने घटना से पहले रिकॉर्ड किया था। वीडियो में छात्र ने परीक्षा में लगातार असफल रहने से उत्पन्न मानसिक दबाव का जिक्र किया है। साथ ही उसने कहा है कि उसके इस कदम के लिए किसी अन्य व्यक्ति को जिम्मेदार न ठहराया जाए। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
