महाराष्ट्र के परभणी जिले की मानवत तहसील में स्थित प्रसिद्ध यशवाड़ी मारुति मंदिर परिसर में शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया। मंदिर के सामने बना सभा मंडप अचानक ढह गया, जिससे वहां मौजूद श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मंडप के मलबे में अभी भी 30 से 40 लोगों के फंसे होने की आशंका है। घायलों को तत्काल आर.पी. अस्पताल समेत आसपास के चिकित्सा केंद्रों में भर्ती कराया गया है। मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ने की संभावना जताई जा रही है, हालांकि प्रशासन की ओर से अभी आधिकारिक आंकड़े जारी नहीं किए गए हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और राहत-बचाव टीमें मौके पर पहुंच गईं। जेसीबी मशीनों और अन्य संसाधनों की मदद से मलबा हटाने का काम तेजी से किया जा रहा है। बचाव दल लगातार फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में जुटे हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जिस सभा मंडप का हिस्सा गिरा है वह निर्माणाधीन बताया जा रहा है। घटना के बाद पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में लेकर राहत कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। शनिवार होने और हनुमान मंदिर में श्रद्धालुओं की अधिक भीड़ रहने के कारण हादसे का असर ज्यादा गंभीर माना जा रहा है। प्रशासन ने कहा है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जांच के बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।
