मुरादाबाद। 21 जून को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम के लिए प्रशासन ने कार्यक्रम स्थल में परिवर्तन किया है। पहले यह कार्यक्रम शहर के कंपनी बाग में आयोजित होना प्रस्तावित था, लेकिन अब इसे सोनकपुर स्टेडियम परिसर में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 05:30 बजे होगा।

जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे अपने परिवारजनों के साथ अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर योग कार्यक्रम में सहभागिता करें और स्वस्थ जीवनशैली के इस अभियान को सफल बनाएं।
कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए शनिवार को जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया तथा मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी ने सोनकपुर स्टेडियम का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने आयोजन स्थल पर व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि योग दिवस कार्यक्रम सुचारु एवं भव्य रूप से संपन्न कराया जा सके।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्रतिभागियों के बैठने की व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता, सुरक्षा तथा पार्किंग सहित अन्य व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त करने के निर्देश दिए। प्रशासन का लक्ष्य है कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर बड़ी संख्या में लोग योगाभ्यास कर स्वास्थ्य और फिटनेस का संदेश दें।
