मुरादाबाद। मुरादाबाद विकास प्राधिकरण (एमडीए) ने अवैध निर्माणों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली रोड स्थित निर्माणाधीन पेट्रोल पंप सहित दो अवैध निर्माणों को सील कर दिया। यह कार्रवाई प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अनुभव सिंह के निर्देशन में की गई।

प्रवर्तन अभियान के दौरान सबसे प्रमुख कार्रवाई जोन-3 के सब-जोन-16 क्षेत्र में ग्रीन ऑर्किड के सामने, मंगूपुरा, दिल्ली रोड स्थित निर्माणाधीन पेट्रोल पंप पर की गई। प्राधिकरण के अनुसार लगभग 1200 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में फिरासत खान द्वारा पेट्रोल पंप का निर्माण कराया जा रहा था। जांच में पाया गया कि निर्माण कार्य बिना मानचित्र स्वीकृति और आवश्यक प्राधिकरणीय अनुमति के किया जा रहा था। इसके बाद एमडीए की प्रवर्तन टीम ने मौके पर पहुंचकर पूरे परिसर को सील कर दिया।

इसके अलावा जोन-2 के सब-जोन-8 क्षेत्र में वाजिद नगर, प्रिंस रोड स्थित एक अन्य अवैध निर्माण के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। यहां मोहम्मद राशिद पुत्र वाजिद द्वारा लगभग 600 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में निर्माण कराया जा रहा था। निर्माण के लिए प्राधिकरण से स्वीकृत मानचित्र प्रस्तुत न किए जाने पर इस निर्माण को भी सील कर दिया गया।
एमडीए अधिकारियों ने बताया कि दोनों मामलों में निर्माण कार्य प्राधिकरण की अनुमति के बिना किया जा रहा था, जो विकास प्राधिकरण के नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है। नियमानुसार कार्रवाई करते हुए दोनों परिसरों को सील किया गया है।
प्राधिकरण ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि बिना मानचित्र स्वीकृति किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य पूरी तरह अवैध और दंडनीय है। ऐसे मामलों में सीलिंग, ध्वस्तीकरण तथा अन्य कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है। अधिकारियों ने कहा कि अवैध निर्माण और अनधिकृत विकास के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
एमडीए ने नागरिकों, भू-स्वामियों और डेवलपर्स से अपील की है कि किसी भी भूमि की खरीद-फरोख्त, प्लॉटिंग अथवा निर्माण कार्य शुरू करने से पहले प्राधिकरण से आवश्यक स्वीकृतियां और मानचित्र अनुमोदन अवश्य प्राप्त करें। नियमों का पालन करने से न केवल कानूनी परेशानियों से बचा जा सकता है, बल्कि शहर के सुनियोजित विकास में भी सहयोग मिलता है@जफर/INN
