मुरादाबाद। शहर में अतिक्रमण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार देर रात नगर निगम ने स्टेशन रोड पर बड़ी कार्रवाई करते हुए कई होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों को सील कर दिया। रात करीब 10 बजे शुरू हुई इस कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया और व्यापारियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
नगर निगम की टीम ने अभियान के दौरान स्टेशन रोड स्थित कई प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया। सीलिंग की जद में माहेश्वरी रेस्टोरेंट, वीआईपी रेस्टोरेंट, सेठी भोजनालय, ओके ढाबा सहित अन्य प्रतिष्ठान शामिल रहे। अधिकारियों ने प्रतिष्ठानों पर ताले लगवाकर उनकी चाबियां अपने कब्जे में ले लीं।
देर रात कार्रवाई से मचा हड़कंप
अचानक हुई इस कार्रवाई से आसपास के व्यापारियों और प्रतिष्ठान संचालकों में खलबली मच गई। कई लोग मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की जानकारी लेने में जुट गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नगर निगम की टीम ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रतिष्ठानों को खाली कराया और उसके बाद सीलिंग की कार्रवाई की।
वीआईपी रेस्टोरेंट के संचालक ने बताया कि नगर निगम की टीम रात में पहुंची और प्रतिष्ठान बंद कराने के बाद उस पर ताला लगवा दिया। उनके अनुसार स्टेशन रोड के अन्य होटल और ढाबों पर भी इसी प्रकार की कार्रवाई की गई।
अतिक्रमण बना कार्रवाई की वजह
अभियान का नेतृत्व कर रहे अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार ने बताया कि संबंधित होटल और रेस्टोरेंट संचालक फुटपाथों पर अतिक्रमण कर रहे थे। इससे स्टेशन रोड जैसे व्यस्त मार्ग पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी और लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
उन्होंने कहा कि कई प्रतिष्ठानों के बाहर अवैध रूप से सामान रखे जाने और कब्जा किए जाने के कारण सड़क पर जाम की स्थिति बन रही थी। साथ ही क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था भी प्रभावित हो रही थी।
नोटिस के बाद भी नहीं हुआ पालन
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार कार्रवाई से पहले संबंधित प्रतिष्ठानों को कई बार नोटिस जारी किए गए थे और अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे। बावजूद इसके नियमों का पालन नहीं किया गया। लगातार चेतावनी के बाद भी स्थिति में सुधार न होने पर निगम को सीलिंग जैसी कठोर कार्रवाई करनी पड़ी।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि शहर में अतिक्रमण और सार्वजनिक स्थलों पर अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले अन्य प्रतिष्ठानों के विरुद्ध भी इसी प्रकार की कार्रवाई की जाएगी@शांतनु/INN
