मुरादाबाद। लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में हाल ही में हुई अग्निकांड की घटना के बाद मुरादाबाद विकास प्राधिकरण (एमडीए) ने शहर में संचालित व्यावसायिक, संस्थागत, चिकित्सीय एवं अन्य सार्वजनिक उपयोग के भवनों की व्यापक जांच कराने का निर्णय लिया है। इस संबंध में प्राधिकरण के उपाध्यक्ष द्वारा प्रवर्तन अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर भवन उपविधियों एवं अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुपालन की स्थिति की समीक्षा की गई।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि विकास क्षेत्र में संचालित अस्पतालों, नर्सिंग होम, शिक्षण संस्थानों, कोचिंग सेंटरों, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, होटलों, बैंक्वेट हॉलों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तथा अन्य सार्वजनिक भवनों का विशेष निरीक्षण अभियान चलाया जाएगा।
इन बिंदुओं पर होगी विशेष जांच
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा भवनों में उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों, आपातकालीन निकास मार्गों, विद्युत सुरक्षा व्यवस्था, अग्निशमन विभाग की एनओसी तथा स्वीकृत मानचित्र के अनुरूप निर्माण एवं उपयोग की जांच की जाएगी।
प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान केवल औपचारिकता नहीं होगा, बल्कि प्रत्येक भवन की सुरक्षा व्यवस्था का गहन परीक्षण किया जाएगा ताकि भविष्य में किसी भी संभावित दुर्घटना को रोका जा सके।
नियमों के उल्लंघन पर होगी कार्रवाई
उपाध्यक्ष ने निर्देश दिए हैं कि निरीक्षण के दौरान यदि किसी भी प्रकार की अनियमितता, अवैध निर्माण, मानचित्र के विपरीत उपयोग अथवा अग्नि सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम-1973 की सुसंगत धाराओं के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही भवन स्वामियों एवं संचालकों को सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक करने और सभी सुरक्षा उपकरणों को हर समय क्रियाशील स्थिति में रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
अस्पताल, कोचिंग और कॉमर्शियल भवन प्रशासन के रडार पर
हाल के दिनों में विभिन्न शहरों में सामने आई आग की घटनाओं के मद्देनजर प्रशासन विशेष रूप से उन भवनों पर ध्यान केंद्रित कर रहा है जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आते-जाते हैं। ऐसे में अस्पताल, शिक्षण संस्थान, कोचिंग सेंटर, मॉल, होटल और बैंक्वेट हॉल प्रशासन की प्राथमिकता सूची में शामिल किए गए हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि भवनों में फायर सेफ्टी मानकों की अनदेखी और स्वीकृत मानचित्र के विपरीत उपयोग किसी भी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। ऐसे में यह अभियान जनसुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
भवन स्वामियों से अपील
मुरादाबाद विकास प्राधिकरण ने विकास क्षेत्र के सभी भवन स्वामियों एवं संस्थानों से अपील की है कि वे स्वीकृत मानचित्र के अनुरूप ही निर्माण एवं उपयोग सुनिश्चित करें तथा अग्नि सुरक्षा संबंधी सभी वैधानिक प्रावधानों का पूर्ण पालन करें।
प्राधिकरण का कहना है कि जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और भवनों में सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करके ही भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना को रोका जा सकता है@शांतनु/INN
