मुरादाबाद। भोजपुर थाना क्षेत्र में एक युवती की तहरीर पर भगतपुर थाना क्षेत्र के गांव पाडली बाजे निवासी मुनेश सैनी के खिलाफ दुष्कर्म, धमकी और अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।
एफआईआर के अनुसार तहसील हल्द्वानी, जिला नैनीताल निवासी पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2024 में उसकी पहचान मुनेश सैनी से हुई थी। आरोप है कि मुनेश ने उससे शादी करने का वादा किया और 1 जून 2026 को उसे फोटोन अस्पताल के पास स्थित कान्हा होटल में बुलाया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि वहां उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए गए।
पीड़िता का कहना है कि बाद में जब उसने शादी की बात की तो आरोपी ने इंकार कर दिया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देने लगा। एफआईआर में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें लेकर उन्हें वायरल करने की धमकी दी।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है@जफर/INN
