मुरादाबाद। पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह ने बुधवार को अपने कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान फरियादियों की शिकायतें और समस्याएं सुनीं। इस दौरान विभिन्न मामलों में प्राप्त जन शिकायतों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई के दौरान एसपी सिटी ने कहा कि आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का निष्पक्ष, पारदर्शी और प्रभावी ढंग से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को न्याय के लिए अनावश्यक रूप से भटकना न पड़े।

थाना स्तर पर ही हो समस्याओं का समाधान
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने नगर क्षेत्र के सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई व्यवस्था और महिला हेल्पडेस्क को और अधिक प्रभावी बनाया जाए। उन्होंने कहा कि ऐसी व्यवस्था विकसित की जाए जिससे पीड़ितों और शिकायतकर्ताओं को अपनी समस्या के समाधान के लिए उच्चाधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन मामलों का समाधान थाना स्तर पर संभव है, उनका निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय सीमा में किया जाए। साथ ही शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता और संवेदनशीलता का विशेष ध्यान रखने को कहा गया।

जनता और पुलिस के बीच विश्वास बढ़ाने पर बल
एसपी सिटी ने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य आम नागरिकों और पुलिस के बीच विश्वास को मजबूत करना है। शिकायतों के त्वरित समाधान से न केवल लोगों को राहत मिलेगी, बल्कि पुलिस व्यवस्था के प्रति उनका भरोसा भी बढ़ेगा@जफर/INN
