मुरादाबाद। मुरादाबाद विकास प्राधिकरण (एमडीए) ने अवैध निर्माण और बिना मानचित्र स्वीकृति के संचालित संस्थानों के खिलाफ विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत शनिवार को गजरौला क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अस्पताल, कई लाइब्रेरी, कोचिंग एवं इंग्लिश स्पीकिंग सेंटर सहित आठ परिसरों को सील कर दिया।

प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अनुभव सिंह (आईएएस) के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत प्रवर्तन टीम ने निरीक्षण के दौरान विभिन्न स्थलों पर बिना आवश्यक स्वीकृतियों के व्यावसायिक, शैक्षणिक एवं चिकित्सीय संस्थानों का संचालन तथा अवैध निर्माण पाए जाने पर उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम, 1973 की धारा-27 के अंतर्गत सीलिंग की कार्रवाई की।

कार्रवाई के दौरान लगभग 250 वर्गमीटर क्षेत्रफल में संचालित युग हॉस्पिटल, 110 वर्गमीटर में संचालित ब्राइट फ्यूचर लाइब्रेरी, 120 वर्गमीटर में संचालित रमा लाइब्रेरी एवं हाई टेक कंप्यूटर सेंटर, 50 वर्गमीटर में संचालित ब्रिटिश इंग्लिश स्पीकिंग सेंटर, 100 वर्गमीटर में संचालित अमेरिकन इंग्लिश स्पीकिंग सेंटर तथा 130 वर्गमीटर में संचालित मिशन कोचिंग सेंटर को सील किया गया। इसके अलावा 160 वर्गमीटर क्षेत्रफल में किए गए अवैध बेसमेंट निर्माण तथा 130 वर्गमीटर में किए जा रहे एक अन्य अवैध निर्माण को भी सील कर दिया गया।

एमडीए ने स्पष्ट किया है कि बिना मानचित्र स्वीकृति के निर्माण कार्य करना, स्वीकृत मानचित्र के विपरीत निर्माण कराना अथवा आवश्यक अनुमतियों के बिना व्यावसायिक, शैक्षणिक एवं चिकित्सीय संस्थानों का संचालन करना कानून का उल्लंघन है। ऐसे मामलों में सीलिंग, ध्वस्तीकरण एवं अन्य विधिक कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

प्राधिकरण ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य अथवा व्यावसायिक, शैक्षणिक या चिकित्सीय संस्थान शुरू करने से पहले आवश्यक मानचित्र स्वीकृति और सभी वैधानिक अनुमतियां अवश्य प्राप्त करें। अवैध निर्माण और अवैध संचालन के विरुद्ध विशेष प्रवर्तन अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा@शांतनु/INN
