मुरादाबाद। ठाकुरद्वारा थाना क्षेत्र में खेत पर चल रहे निर्माण कार्य को लेकर हुए विवाद में मारपीट और जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 27 मई 2026 को ग्राम लौंगी कलां निवासी विजयपाल सिंह ने थाना ठाकुरद्वारा में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि कुछ लोगों ने उनके खेत पर चल रहे निर्माण कार्य को रुकवाने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपियों ने गाली-गलौज की और विरोध करने पर उनके साथ लात-घूंसों से मारपीट करते हुए निर्माण कार्य को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
शोर-शराबा सुनकर मौके पर पहुंचे पीड़ित के पुत्र और भाई ने बीच-बचाव का प्रयास किया तो आरोप है कि आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया। उनके सिर पर धारदार हथियार से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया तथा जान से मारने की धमकी दी गई।
पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना ठाकुरद्वारा पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान शनिवार को पुलिस ने आरोपी कृष्ण कुमार पुत्र शिवओम, निवासी ग्राम लौंगी कलां, को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया और उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है@जफर/INN
