मुरादाबाद। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल के निर्देशन में मुरादाबाद पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 682.9 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थों का सुरक्षित विनष्टीकरण कराया। यह कार्रवाई माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों, गृह मंत्रालय भारत सरकार एवं पुलिस मुख्यालय उत्तर प्रदेश की मंशा के अनुरूप जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल अभियान के तहत की गई।

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, जनपद के 11 थानों तथा जीआरपी मुरादाबाद में दर्ज 120 अभियोगों से संबंधित जब्त अवैध मादक पदार्थों को नियमानुसार नष्ट किया गया। यह विनष्टीकरण सशीला बायो मेडिकल वेस्टेज प्लांट प्राइवेट लिमिटेड, ग्राम फतेहपुर विश्नोई, दिल्ली-हरिद्वार बाईपास, थाना छजलैट में जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी (DDC) की मौजूदगी में संपन्न कराया गया।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक अपराध सुभाष चन्द्र गंगवार एवं पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय राजेश कुमार सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
नष्ट किए गए मादक पदार्थों का विवरण
गांजा – 632 किलो 480 ग्राम
चरस – 21 किलो 550 ग्राम
स्मैक – 270 ग्राम
डोडा – 21 किलो 185 ग्राम
अन्य मादक पदार्थ – 7 किलो 415 ग्राम
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जब्त मादक पदार्थों का विधिसम्मत विनष्टीकरण न केवल न्यायिक प्रक्रिया का हिस्सा है, बल्कि इससे अवैध मादक पदार्थों के दोबारा दुरुपयोग की संभावना भी समाप्त होती है। मुरादाबाद पुलिस ने स्पष्ट किया कि जनपद में नशा तस्करी और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध आगे भी कठोर अभियान लगातार जारी रहेगा@जफर/INN
