मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा जनपद मुरादाबाद के 26 परीक्षा केंद्रों पर 02, 03 एवं 04 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 को सकुशल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने परीक्षा ड्यूटी में नियुक्त स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ बैठक कर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखना सभी अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक अधिकारी अपने दायित्वों का पूरी गंभीरता एवं सतर्कता के साथ निर्वहन सुनिश्चित करें, जिससे परीक्षा का संचालन निर्बाध एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद में संचालित सभी रैन बसेरों में परीक्षार्थियों की सुविधा के दृष्टिगत अतिरिक्त व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित कर ली जाएं। साथ ही सभी रैन बसेरों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि बाहर से आने वाले परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि होटल, रेस्टोरेंट एवं टैक्सी संचालकों द्वारा किसी भी प्रकार की ओवर रेटिंग अथवा मनमानी वसूली की शिकायत मिलने पर तत्काल प्रभावी एवं कड़ी कार्रवाई की जाए, जिससे परीक्षार्थियों को अनावश्यक आर्थिक बोझ या परेशानी का सामना न करना पड़े।

जिलाधिकारी ने बताया कि 03 दिवसों में इस परीक्षा में लगभग 54 हजार परीक्षार्थियों के सम्मिलित होने की संभावना है। इसे दृष्टिगत रखते हुए यातायात व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षा केंद्रों पर समुचित प्रबंधन तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आकाश सिंह और एडीएम प्रशासन संगीता गौतम सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
