मुरादाबाद। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) की संयुक्त टीम ने मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई करते हुए यात्रियों का कीमती सामान चोरी करने के आरोप में एक ट्रेन कोच अटेंडेंट को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से लगभग 12 लाख रुपये मूल्य के हीरे और सोने के आभूषणों के साथ नकदी भी बरामद हुई है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार देर रात प्लेटफॉर्म संख्या 4/5 पर संयुक्त गश्त और सघन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस टीम को एक व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। पूछताछ और तलाशी के बाद उसकी पहचान दिनेश कुमार (30 वर्ष), पुत्र राम स्वरूप, निवासी ग्राम बैजनी, थाना टांडा, जनपद रामपुर के रूप में हुई।
तलाशी में आरोपी के पास से हीरा जड़ित दो सोने की चूड़ियां, हीरे जड़े कुर्ता बटन का सेट, एक हीरे का पेंडेंट, दो सोने-हीरे के झुमके तथा 10,100 रुपये नकद बरामद हुए। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये आंकी गई है।
जांच के दौरान आरपीएफ और जीआरपी अधिकारियों ने पीड़ित यात्री से वीडियो कॉल के माध्यम से संपर्क किया। पीड़ित, जो इलाहाबाद उच्च न्यायालय के एक माननीय न्यायाधीश के करीबी रिश्तेदार बताए गए हैं, ने बरामद किए गए सभी जेवरात और नकदी की पहचान अपने सामान के रूप में की।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह ट्रेन संख्या 14241 नौचंदी एक्सप्रेस में कोच अटेंडेंट के रूप में कार्यरत था। उसने बताया कि 27 जून को एच-1 कोच में ड्यूटी के दौरान मुरादाबाद स्टेशन पर एक महिला यात्री का पर्स सीट संख्या 15 पर छूटा हुआ मिला। पर्स को उसने अपने कब्जे में लेकर उसमें रखे कीमती आभूषण निकाल लिए और उन्हें एक पॉलिथीन में बांधकर प्लेटफॉर्म के दूसरी ओर पत्थरों के नीचे छिपा दिया। पुलिस टीम ने आरोपी की निशानदेही पर छिपाए गए आभूषण भी बरामद कर लिए।
रेलवे पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है@शांतनु/INN
