मुरादाबाद। कांठ थाना पुलिस ने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर लाखों रुपये की नकदी लूटने वाले गिरोह के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कार और ₹23 हजार नकद भी बरामद किए हैं। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, 18 जून को अमरोहा जनपद के डिडौली थाना क्षेत्र स्थित श्योनाली गांव निवासी फिरोज आलम ने कांठ थाने में तहरीर देकर बताया था कि उनके पिता और उनके एक साथी को कुछ लोगों ने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। दोनों के अचेत होने के बाद बदमाश उनके पास रखी करीब ₹9.50 लाख की नकदी, कपड़े, आधार कार्ड और पैन कार्ड लेकर फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए कांठ थाना पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने बुधवार को मुख्य आरोपी राशिद को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र के जयंतीपुर स्थित पीर का बाजार, वीनस इंडिया वाली गली का निवासी बताया गया है।
गिरफ्तार आरोपी के पास से पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई कार तथा ₹23,000 नकद बरामद किए हैं। बरामदगी और विवेचना में सामने आए तथ्यों के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 3(5) और 317(2) भी बढ़ा दी गई हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। मामले की जांच जारी है और जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश किए जाने की संभावना है@जफर/INN
