मुरादाबाद। जिला अध्यक्ष जयवीर सिंह यादव के नेतृत्व में सपाइयों ने शुक्रवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान में बड़े पैमाने पर अनियमितताओं का आरोप लगाया। पार्टी नेताओं ने दावा किया कि मतदाता सूची में एक ही व्यक्ति के नाम पर तीन-तीन और चार-चार डमी वोट बनाए गए हैं, जिससे निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।
सपा नेताओं का कहना है कि पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा मतदाता सूची की जांच के दौरान करीब 6 से 8 हजार संदिग्ध और डमी वोट चिन्हित किए गए हैं। उनका आरोप है कि यह गंभीर लापरवाही लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए खतरा है। उन्होंने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी बीएलओ के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।

ज्ञापन सौंपने के बाद सपा जिलाध्यक्ष जयवीर यादव ने कहा कि पार्टी लोकतांत्रिक व्यवस्था की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए संघर्ष करती रहेगी और किसी भी प्रकार की चुनावी गड़बड़ी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस दौरान कमाल अख्तर के इस्तीफे के बाद पार्टी में टूट की अटकलों पर प्रतिक्रिया देते हुए जयवीर यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी पूरी तरह एकजुट है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में पार्टी मजबूती से आगे बढ़ रही है और उनका जो भी निर्देश होगा, प्रत्येक कार्यकर्ता उसका पालन करेगा।
उन्होंने विपक्ष के उन दावों को भी खारिज किया जिनमें पार्टी में अंदरूनी मतभेद की बात कही जा रही है। जयवीर यादव ने कहा कि छोटे-मोटे मतभेद हर राजनीतिक दल में होते हैं, लेकिन समाजवादी पार्टी पूरी ताकत के साथ आगामी चुनाव लड़ेगी। उन्होंने दावा किया कि इस बार पार्टी मुरादाबाद जिले की सभी छह विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज करेगी। प्रदर्शन में पूर्व विधायक हाजी रिजवान सहित तमाम सपा नेता मौजूद रहे@शांतनु/INN
