मुरादाबाद। जनपद के मझोला थाना क्षेत्र स्थित एकता नगर कॉलोनी में शुक्रवार देर रात हाईटेंशन बिजली लाइन में आए फॉल्ट के कारण बड़ा हादसा हो गया। अचानक पूरे मकान की विद्युत वायरिंग में करंट प्रवाहित हो गया, जिससे पति-पत्नी और उनका सात वर्षीय बेटा गंभीर रूप से झुलस गए। तीनों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां महिला की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, एकता नगर निवासी ओमपाल सिंह के पुत्र सतीश ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 12:30 बजे बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी। भीषण गर्मी के चलते परिवार के सभी सदस्य छत पर चले गए। कुछ देर बाद बिजली आने पर ओमपाल सिंह की पत्नी बबीता ने पंखा चलाने के लिए कहा।
बताया जाता है कि जैसे ही ओमपाल सिंह ने पंखे का प्लग लगाकर स्विच ऑन किया, उसी समय घर के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन में फॉल्ट हो गया। इसके चलते पूरे घर की वायरिंग में अचानक तेज करंट दौड़ गया और विद्युत उपकरणों में आग लग गई।
करंट की चपेट में आने से ओमपाल सिंह, उनकी पत्नी बबीता तथा सात वर्षीय पुत्र हर्षित गंभीर रूप से झुलस गए। परिवार की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तीनों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी सक्रिय हो गए। एसडीएम सदर तथा सीओ सिविल लाइंस जिला अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवार से घटना की जानकारी ली। अधिकारियों ने चिकित्सकों को घायलों का बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
चिकित्सकों के अनुसार, तीनों घायलों का उपचार जारी है। इनमें बबीता की स्थिति सबसे अधिक गंभीर बताई जा रही है@शांतनु/INN
