मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जनपद के भोजपुर कस्बे के रहने वाले सैफ अली ने अपनी प्रतिभा और कठिन परिश्रम के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले, प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। स्वर्गीय तस्लीम अहमद के पुत्र सैफ अली का चयन नीदरलैंड के हेग शहर स्थित विश्व प्रसिद्ध द हेग एकेडमी ऑफ इंटरनेशनल लॉ के प्रतिष्ठित विशेष कोर्स के लिए हुआ है। यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।
द हेग एकेडमी ऑफ इंटरनेशनल लॉ में प्रवेश विश्वभर के प्रतिभाशाली शोधार्थियों, विधि विशेषज्ञों और अधिवक्ताओं के बीच बेहद कठिन एवं प्रतिस्पर्धी चयन प्रक्रिया के बाद दिया जाता है। हर वर्ष सैकड़ों आवेदनों में से केवल चुनिंदा प्रतिभागियों को ही इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम में स्थान मिलता है। ऐसे में सैफ अली का चयन उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक क्षमता, कानूनी समझ और समर्पण का प्रमाण है।

शिक्षा और पेशेवर उपलब्धियां
सैफ अली वर्तमान में जामिया मिल्लिया इस्लामिया, नई दिल्ली से कानून (लॉ) विषय में पीएचडी कर रहे हैं। शोध कार्य के साथ-साथ वे भारत के सर्वोच्च न्यायालय में एक सक्रिय अधिवक्ता के रूप में भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं और विभिन्न महत्वपूर्ण कानूनी मामलों में अपनी भागीदारी निभा रहे हैं।
अंतरराष्ट्रीय कानून की मिलेगी विशेष ट्रेनिंग
नीदरलैंड का हेग शहर विश्व स्तर पर अंतरराष्ट्रीय न्याय की राजधानी के रूप में जाना जाता है। यहां स्थित द हेग एकेडमी ऑफ इंटरनेशनल लॉ अंतरराष्ट्रीय कानून की शिक्षा और शोध के क्षेत्र में विश्व के सबसे प्रतिष्ठित संस्थानों में गिनी जाती है। इस कोर्स के माध्यम से सैफ अली को अंतरराष्ट्रीय कानून, वैश्विक न्याय व्यवस्था और अंतरराष्ट्रीय विधिक प्रक्रियाओं की गहन समझ प्राप्त होगी, जो उनके करियर को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
सैफ अली जल्द ही इस विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेने के लिए नीदरलैंड रवाना होंगे। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर परिवार, मित्रों, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों में हर्ष का माहौल है। सभी ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वे आगे भी देश का नाम वैश्विक मंच पर गौरवान्वित करते रहेंगे@जफर/INN
