मुरादाबाद। थाना भोजपुर क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक नाबालिग लड़की को प्रेमजाल में फंसाकर तीन साल तक शारीरिक शोषण करने, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और बाद में कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए साजिशन निकाह कराकर प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित पिता की तहरीर पर पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत उसके परिवार के सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भोजपुर थाना क्षेत्र के सिरसवां गौड़ निवासी पीड़ित पिता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) को दी गई तहरीर में बताया कि उनकी बड़ी बेटी का फुफेरा देवर मौ फैज (पुत्र जफीर) उनके घर आता-जाता था। इसी दौरान आरोपी ने उनकी 15 वर्षीय नाबालिग पुत्री को अपने प्रेमजाल में फंसा लिया। आरोप है कि अप्रैल 2023 से वर्ष 2025 तक आरोपी ने नाबालिग की मर्जी के बिना उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। इस दौरान आरोपी ने पीड़िता की अश्लील तस्वीरें और वीडियो भी बना लिए, जिन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर वह लगातार उसका शारीरिक शोषण करता रहा।
पीड़िता द्वारा परिजनों को आपबीती बताने पर जब पुलिस में शिकायत की गई, तो आरोपी के परिजनों (जफीर अहमद, फैजान, श्रीमती मुस्लिम, सिद्दीक, फैजवी और कैफिया) ने कानूनी शिकंजे से बचने के लिए एक आपराधिक साजिश रची। उन्होंने 18 जून 2025 को पीड़िता का निकाह जबरन मौ फैज से करा दिया।
निकाह के बाद आरोपी पति ने पीड़िता से दूरी बना ली, जिसके बाद उसके जेठ मौ फैजान ने पीड़िता के साथ छेड़छाड़ और दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर ससुराल वालों ने 23 फरवरी 2026 को पीड़िता की बेरहमी से पिटाई की और उसे जान से मारने की कोशिश करते हुए घर से निकाल दिया।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि अब आरोपी और उसके परिजन पीड़िता को बदनाम करने की नीयत से उसके अश्लील फोटो समाज के गणमान्य लोगों को भेज रहे हैं और प्रार्थी से 10,00,000/- रुपये की रंगदारी मांग रहे हैं। पुलिस ने प्रार्थी मुजफ्फर की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित गंभीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है और मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है@जफर/INN
