मुरादाबाद। आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल की अध्यक्षता में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, चिकित्सा सुविधाओं, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों ने यात्रा मार्गों पर विशेष सतर्कता बरतने और श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा से जुड़े सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्गों पर साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पेयजल एवं चिकित्सा सहायता जैसी मूलभूत सुविधाएं हर हाल में उपलब्ध रहनी चाहिए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रभावी ट्रैफिक प्लान लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपनी-अपनी तैयारियों की जानकारी दी। जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित संपन्न कराने के निर्देश दिए@जफर/INN
