मुरादाबाद। जनपद में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान बड़े पैमाने पर अनियमितताओं का खुलासा हुआ है। जिला प्रशासन की जांच में सामने आया कि कई लोगों ने नियमों की अनदेखी करते हुए एक से अधिक स्थानों पर अपने नाम मतदाता सूची में दर्ज करा रखे थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने 14 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है और आगे भी जांच जारी है।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने बताया कि जांच के दौरान ऐसे मामलों की पहचान की गई, जिनमें मतदाताओं ने एक स्थान पर वैध मतदाता होने के बावजूद दूसरे स्थान पर भी फर्जी अथवा डुप्लीकेट तरीके से वोट बनवा लिया था। यह निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सीधा प्रहार है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के दौरान मतदाता सूची का व्यापक सत्यापन किया गया। इस प्रक्रिया में बड़ी संख्या में डुप्लीकेट, स्थानांतरित, मृत एवं अपात्र मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए, जिससे मतदाता सूची में उल्लेखनीय बदलाव देखने को मिला।
प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, पुनरीक्षण अभियान से पहले जनपद में कुल 24 लाख 60 हजार मतदाता दर्ज थे। व्यापक जांच और सत्यापन के बाद यह संख्या घटकर 20 लाख 71 हजार रह गई। इसके बाद पात्र नए मतदाताओं के नाम जोड़े जाने पर वर्तमान में जिले में कुल 22 लाख 26 हजार वैध मतदाता हैं।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि लोकतांत्रिक व्यवस्था की पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि फर्जी दस्तावेजों या डुप्लीकेट पहचान के आधार पर दो-दो स्थानों पर वोट बनवाने वालों की पहचान लगातार की जा रही है। ऐसे लोगों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी और जांच के दायरे में आने वाले अन्य लोगों पर भी शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि यदि किसी को मतदाता सूची में किसी प्रकार की गड़बड़ी, डुप्लीकेट नाम या फर्जी मतदान संबंधी जानकारी हो तो उसकी सूचना तत्काल जिला निर्वाचन कार्यालय को दें, ताकि निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया सुनिश्चित की जा सके@शांतनु/INN
