अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने के बाद भले ही खाड़ी क्षेत्र में हालात सामान्य होते दिखाई दे रहे हों, लेकिन रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध अब भी थमने का नाम नहीं ले रहा है। चार साल से अधिक समय से चल रहे इस संघर्ष में रूस लगातार यूक्रेन पर हमले कर रहा है। इसी बीच NATO शिखर सम्मेलन से ठीक पहले रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर देर रात मिसाइलों और ड्रोन से बड़ा हमला कर दिया, जिसमें कम से कम 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए।
यूक्रेनी अधिकारियों के मुताबिक, सोमवार रात रूस ने कीव पर बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन से एक साथ कई हमले किए। इन हमलों में राजधानी कीव में 7 लोगों की जान गई, जबकि कीव के पास स्थित बुचा जिले में एक व्यक्ति की मौत हुई। इसके अलावा कीव और आसपास के इलाकों में 34 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। यह हमला ऐसे समय हुआ, जब राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कुछ घंटे पहले ही बड़े रूसी हमले की आशंका जताई थी।
हमले में कई रिहायशी इमारतों को भारी नुकसान पहुंचा। कीव क्षेत्र के सैन्य प्रशासन के प्रमुख तिमुर तकाचेंको ने बताया कि मिसाइलें और ड्रोन सीधे अपार्टमेंट, आवासीय इमारतों और अन्य नागरिक ठिकानों पर गिरे। पोडिल्स्की जिले में एक इमारत का हिस्सा ढह गया, जबकि डार्नित्सिया जिले में कई बहुमंजिला इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं। कई लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। वहीं, नदी किनारे स्थित एक औद्योगिक परिसर में भी आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में काला धुआं फैल गया।
हमले के दौरान पूरे शहर में सायरन बजते रहे और धमाकों की आवाजें सुनाई देती रहीं। बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी जान बचाने के लिए मेट्रो स्टेशनों और भूमिगत शेल्टरों में शरण ली। कीव के मेयर विटाली क्लिट्स्को ने बताया कि एयर डिफेंस सिस्टम लगातार सक्रिय रहे और बचाव दल रातभर प्रभावित इलाकों में राहत एवं बचाव कार्य में जुटे रहे।
उधर, मंगलवार से तुर्की की राजधानी अंकारा में शुरू होने वाले NATO शिखर सम्मेलन के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की की मुलाकात की संभावना जताई जा रही है। माना जा रहा है कि दोनों नेता रूस-यूक्रेन युद्ध और यूक्रेन को सैन्य सहायता जैसे मुद्दों पर चर्चा कर सकते हैं।
रूस का यह हमला ऐसे समय हुआ है, जब पिछले सप्ताह भी कीव पर हुए बड़े हमले में 31 लोगों की मौत हुई थी। लगातार बढ़ते हमलों के बीच राष्ट्रपति जेलेंस्की ने पश्चिमी देशों से एक बार फिर यूक्रेन की हवाई सुरक्षा मजबूत करने और विशेष रूप से पैट्रियट एयर डिफेंस मिसाइल सिस्टम उपलब्ध कराने की अपील की है। उनका कहना है कि पर्याप्त रक्षा सहायता नहीं मिलने से रूस को युद्ध लंबा खींचने का अवसर मिल रहा है।
