मुरादाबाद। कांठ तहसील क्षेत्र के छजलैट थाना क्षेत्र स्थित अन्यारी गांव में पिछले कई दिनों से ग्रामीणों के लिए दहशत का कारण बना तेंदुआ आखिरकार वन विभाग द्वारा लगाए गए पिंजरे में कैद हो गया। तेंदुए के पकड़े जाने की सूचना मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
ग्रामीणों के अनुसार, तेंदुए की लगातार आमद के कारण क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ था। किसान तेंदुए के डर से खेतों में जाने से बच रहे थे, जबकि शाम होते ही लोगों ने घरों से निकलना लगभग बंद कर दिया था। कई बार तेंदुए के दिखाई देने की सूचना वन विभाग को दी गई थी।
तेंदुए की गतिविधियों को देखते हुए वन विभाग ने अन्यारी गांव के आसपास पिंजरा लगाकर निगरानी शुरू की थी। शनिवार को तेंदुआ उसी पिंजरे में फंस गया। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए तेंदुए को अपने कब्जे में ले लिया।
तेंदुए के पकड़े जाने के बाद क्षेत्र के लोगों ने राहत व्यक्त की। ग्रामीणों ने वन विभाग की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि अब किसान बिना भय के खेतों में जा सकेंगे और गांव में सामान्य स्थिति बहाल होगी।
उधर, पिंजरे में कैद तेंदुए का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, तेंदुए का स्वास्थ्य परीक्षण कराने के बाद नियमानुसार उसे सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ा जाएगा@जफर/INN
