मुरादाबाद। जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने मंगलवार को शहर स्थित राजकीय पुस्तकालय का औचक निरीक्षण कर वहां उपलब्ध अध्ययन सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुस्तकालय में अध्ययन कर रहे विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियों, अध्ययन संबंधी आवश्यकताओं तथा पुस्तकालय में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।

विद्यार्थियों से बातचीत के बाद जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजकीय पुस्तकालय की क्षमता में वृद्धि के लिए शीघ्र कार्ययोजना तैयार कर आवश्यक कार्य कराए जाएं, ताकि अधिक से अधिक अभ्यर्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। वर्तमान में पुस्तकालय में लगभग 50 विद्यार्थियों के बैठकर अध्ययन करने की व्यवस्था है।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पुस्तकालय परिसर में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने, पर्याप्त संख्या में डस्टबिन स्थापित कराने तथा खाली पड़ी भूमि का हरित क्षेत्र के रूप में विकास एवं सौंदर्यीकरण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जर्जर भवनों को नियमानुसार ध्वस्त कर परिसर को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखने पर भी बल दिया।

जिलाधिकारी ने पुस्तकालय कक्ष की विद्युत फिटिंग को सुरक्षित एवं व्यवस्थित कराने, छात्र एवं छात्राओं के लिए पृथक अध्ययन व्यवस्था विकसित करने, शौचालयों की स्थिति में तत्काल सुधार करने तथा शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराने के भी निर्देश दिए।

उन्होंने पुस्तकालय में पड़े अनुपयोगी एवं अनावश्यक सामान की नियमानुसार नीलामी कराने हेतु भी निर्देशित किया।

इसके अलावा जिलाधिकारी ने पुस्तकालय के बाहर स्थित मार्ग एवं पार्क का कायाकल्प कर उन्हें सुव्यवस्थित एवं आकर्षक बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजकीय पुस्तकालय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण अध्ययन केंद्र है। इसलिए यहां सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उच्च गुणवत्ता के साथ उपलब्ध कराई जाएं, जिससे विद्यार्थियों को शांत, सुरक्षित एवं प्रेरणादायक अध्ययन वातावरण मिल सके और वे अपनी तैयारी पूरी क्षमता के साथ कर सकें@शांतनु/INN
