मुरादाबाद। जनपद में मंगलवार को सर्किट हाउस सभागार में डिस्ट्रिक्ट रिव्यू एंड इंस्पेक्शन फॉर सस्टेनेबल ट्रैकिंग एंड इम्प्लीमेंटेशन (दृष्टि) की चतुर्थ बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता माननीय सदस्य विधान परिषद श्री जयपाल सिंह व्यस्त ने की।

उन्होंने बैठक में जनहित एवं विकास से जुड़े विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप योजनाओं का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आगामी वृहद वृक्षारोपण अभियान के सफल आयोजन हेतु सभी विभागों को आवंटित लक्ष्य के अनुरूप पूर्ण तैयारी एवं समन्वय के साथ कार्य करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में विद्युत विभाग को विद्युत आपूर्ति एवं उपभोक्ताओं से संबंधित समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं लोक निर्माण विभाग को निर्माणाधीन परियोजनाओं एवं विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण कराने तथा गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने को कहा गया।

जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान जिन ग्राम पंचायतों में कार्य पूर्ण हो चुके हैं, उनकी सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए, ताकि योजनाओं की प्रगति का प्रभावी मूल्यांकन किया जा सके। इसके अतिरिक्त ग्रामीण क्षेत्रों में पशुओं को गलाघोटू, खुरपका एवं मुंहपका जैसी संक्रामक बीमारियों से बचाने के लिए व्यापक स्तर पर टीकाकरण अभियान संचालित करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए तथा विकास कार्यों की नियमित समीक्षा करते हुए उन्हें निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूर्ण कराया जाए।
बैठक में माननीय विधायक ठाकुरद्वारा नवाब जान खां के साथ साथ ब्लॉक प्रमुख मुरादाबाद मनीष कुमार, ब्लॉक प्रमुख मूंढापांडे नवदीप यादव सहित जिला पंचायत सदस्य एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक का संचालन परियोजना निदेशक/जिला विकास अधिकारी श्वेतांक पाण्डेय ने किया। इस अवसर पर उपायुक्त श्रम रोजगार/प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी राजनाथ प्रसाद भगत, उप मुख्य चिकित्साधिकारी संजीव बेलवाल, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी डॉ. विनय कुमार सिंह, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता कुलदीप सन्ता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे@शांतनु/INN
