मुरादाबाद। स्थानीय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) न्यायालय में एक प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान के प्रबंधक एवं हिंदी समाचार पत्र के संपादक द्वारा दो व्यक्तियों के विरुद्ध मानहानि, आपराधिक साजिश, रंगदारी मांगने तथा सोशल मीडिया के माध्यम से प्रतिष्ठा धूमिल करने के आरोप में परिवाद दायर किया गया है। न्यायालय ने शिकायत का संज्ञान लेते हुए मामले को स्वीकार कर अग्रिम विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।
कटघर थाना क्षेत्र के सिंहमन हजारी निवासी शहजाद अनवर शम्सी, जो फलाहे-दारैन पंजाब इंटर कॉलेज के प्रबंधक सचिव एवं फलाहे दारैन मदरसा व मस्जिद वक्फ कमेटी के सदस्य हैं, ने न्यायालय में दाखिल परिवाद में आरोप लगाया है कि वक्फ कमेटी के सचिव मोहम्मद अरशद तथा उनके दामाद शेहजाद अनवर शम्सी (निवासी कोतवाली) ने सुनियोजित ढंग से उनकी सामाजिक एवं सार्वजनिक छवि धूमिल करने की साजिश रची।
परिवाद के अनुसार, 17 जून 2026 की रात “शमसी खबरनामा” नामक व्हाट्सएप ग्रुप सहित विभिन्न सोशल मीडिया मंचों पर लगभग 10 मिनट 14 सेकंड का एक वीडियो प्रसारित किया गया। शिकायतकर्ता का कहना है कि वीडियो में उनके विरुद्ध कॉलेज, मदरसा और मस्जिद की संपत्तियों के दुरुपयोग, कमेटी पर अवैध कब्जा तथा अन्य गंभीर आरोप लगाए गए, जबकि ये सभी आरोप निराधार एवं उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से लगाए गए।
परिवाद में यह भी आरोप लगाया गया है कि मुख्य आरोपी मोहम्मद अरशद ने शिकायतकर्ता से ₹20,000 प्रतिमाह की अवैध धनराशि देने का दबाव बनाया था। शिकायतकर्ता का कहना है कि रकम देने से इनकार करने के बाद उन्हें बदनाम करने और मानसिक दबाव बनाने के उद्देश्य से सोशल मीडिया पर कथित रूप से भ्रामक सामग्री प्रसारित की गई।
शिकायतकर्ता के अनुसार, विपक्षियों द्वारा पूर्व में की गई एक शिकायत पुलिस जांच में निराधार पाई गई थी। इसके बावजूद कथित रूप से उनके विरुद्ध दुष्प्रचार जारी रखा गया। उन्होंने 25 जून 2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मुरादाबाद को भी प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग भी की थी।
अधिवक्ता राजेश कुमार के माध्यम से दायर परिवाद पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय ने प्रथम दृष्टया शिकायत का संज्ञान लेते हुए उसे स्वीकार कर लिया है। परिवाद में आरोपियों को तलब कर विधि के अनुसार कार्रवाई एवं दंडित किए जाने की प्रार्थना की गई है। मामले में आगे की सुनवाई न्यायालय में निर्धारित तिथि पर होगी@शांतनु/INN
