जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में सुरक्षाबलों को आतंकवाद के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता मिली है। चार दिनों तक चले सघन सर्च ऑपरेशन के बाद बुधवार (8 जुलाई) को लश्कर-ए-तैयबा के शीर्ष कमांडर जाकिर गनी को मुठभेड़ में मार गिराया गया। इसकी पुष्टि जम्मू-कश्मीर पुलिस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए की है। सुरक्षाबलों ने आतंकी का शव भी बरामद कर लिया है।
अधिकारियों के मुताबिक, शोपियां के चनापोरा इलाके में पुलिस, सेना की 55 राष्ट्रीय राइफल्स (RR) और CRPF की संयुक्त टीम ने शनिवार से आतंकियों की तलाश में अभियान शुरू किया था। अभियान के दौरान बुधवार को एक गौशाला से जाकिर गनी का शव बरामद हुआ। मौके से हथियार और भारी मात्रा में गोला-बारूद भी जब्त किया गया।
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने अपने आधिकारिक X अकाउंट पर पोस्ट करते हुए लिखा, “भाग सकते हो, लेकिन छिप नहीं सकते।” पुलिस ने बताया कि SOG शोपियां, 55 RR और CRPF के संयुक्त अभियान में लश्कर-ए-तैयबा के इस वांछित आतंकी को ढेर किया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह ऑपरेशन सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी कामयाबी साबित हुआ है। तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों को संदिग्ध गतिविधि का पता चला, जिसके बाद दोनों ओर से कुछ समय तक गोलीबारी हुई। जवाबी कार्रवाई में जाकिर गनी मारा गया।
फिलहाल पूरे इलाके में सर्च और सैनिटाइजेशन ऑपरेशन जारी है। सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि जाकिर गनी के साथ लश्कर का एक अन्य आतंकी लतीफ भी मौजूद था, जो अभी फरार है। उसकी तलाश के लिए अभियान लगातार जारी है।
