मुरादाबाद। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने बुधवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान फरियादियों की समस्याएं और शिकायतें गंभीरता से सुनीं। इस दौरान प्राप्त जन शिकायतों के शीघ्र, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

जनसुनवाई के दौरान एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निष्पक्ष एवं प्रभावी ढंग से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई व्यवस्था एवं महिला हेल्पडेस्क को और अधिक प्रभावी बनाया जाए, जिससे शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से थाना छोड़कर पुलिस कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।

एसएसपी ने कहा कि जिन मामलों का समाधान थाना स्तर पर संभव है, उनका निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर थाना स्तर पर ही समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पीड़ितों को त्वरित राहत उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
एसएसपी सतपाल अंतिल ने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का प्रभावी समाधान करना है और पुलिस जनता के प्रति अपनी जवाबदेही को पूरी संवेदनशीलता के साथ निभाने के लिए प्रतिबद्ध है@जफर/INN
