मध्य पूर्व में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। अब ईरान के मिसाइल हमले में उसके करीबी सहयोगी चीन की एक कंपनी भी निशाने पर आ गई। कुवैत की सेना के मुताबिक, गुरुवार सुबह उत्तरी कुवैत में स्थित एक चीनी कंपनी की इमारत पर ईरानी हमला हुआ। हमले में इमारत को भारी नुकसान पहुंचा और कंपनी के एक कर्मचारी की मौत हो गई।
इससे कुछ घंटे पहले जॉर्डन की वायु रक्षा प्रणाली ने ईरान से दागी गई पांच मिसाइलों को हवा में ही मार गिराया। जॉर्डन की सरकारी समाचार एजेंसी ‘पेट्रा’ के अनुसार, इस कार्रवाई में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
उधर, अमेरिकी सेना ने दावा किया है कि उसने ईरान के खिलाफ बड़े पैमाने पर जवाबी सैन्य अभियान पूरा कर लिया है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के अनुसार, ईरान के पहले हुए मिसाइल हमले के जवाब में इस ऑपरेशन के दौरान इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के दर्जनों ठिकानों को निशाना बनाया गया। इनमें सैन्य कमांड सेंटर, मिसाइल और ड्रोन ठिकाने, तटीय निगरानी केंद्र और रक्षा प्रतिष्ठान शामिल हैं।
लगातार हो रहे इन हमलों ने पूरे मध्य पूर्व में हालात को और विस्फोटक बना दिया है। कुवैत, जॉर्डन और अन्य खाड़ी देशों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है, जबकि क्षेत्र में बड़े सैन्य टकराव की आशंका लगातार बढ़ती जा रही है।
