मुरादाबाद। भोजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बसायनपुर में एक विवाहिता ने अपने पति पर दूसरी महिला से अवैध संबंध रखने, मारपीट करने, परिवार का खर्च न उठाने तथा कथित रूप से तीन तलाक बोलकर घर से निकाल देने का आरोप लगाया है। महिला की तहरीर पर भोजपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में ग्राम बसायनपुर निवासी शमसुल जहां ने बताया कि उसका निकाह करीब 12 वर्ष पूर्व बाबु पुत्र इरफान के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज से हुआ था। उनके तीन बच्चे हैं। महिला का आरोप है कि लगभग छह वर्ष पहले उसके पति की मुलाकात ग्राम देवीपुरा निवासी विवाहित महिला जैबुल से हुई, जिसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। शिकायत के अनुसार, पति ने स्वयं उससे अपने संबंधों की बात स्वीकार करते हुए कहा कि वह उस महिला का साथ नहीं छोड़ेगा।
प्रार्थिनी का आरोप है कि इसके बाद पति का व्यवहार पूरी तरह बदल गया। वह अक्सर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट करने लगा तथा परिवार का खर्च देना भी बंद कर दिया। महिला का कहना है कि उसका पति अपनी कमाई दूसरी महिला पर खर्च करता था, जिससे परिवार आर्थिक और मानसिक संकट में आ गया।
शिकायत के मुताबिक 27 जुलाई को वह देवीपुरा पहुंचकर जैबुल से बात करने गई, जहां उसके साथ अभद्रता, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी गई। इसके अगले दिन पति ने भी उसके साथ मारपीट की और कथित रूप से तीन बार तलाक बोलकर उसे घर से निकाल दिया।
भोजपुर थाना पुलिस ने 30 जुलाई को प्राप्त तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी@जफर/INN
