मुरादाबाद। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व के मद्देनजर मुरादाबाद में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस ने रूट डायवर्जन प्लान जारी किया है। 4/5 सितंबर 2026 की शाम 6 बजे से रात 2 बजे तक भारी एवं व्यवसायिक वाहनों तथा बसों के आवागमन में बदलाव रहेगा। यातायात पुलिस ने लोगों से निर्धारित डायवर्जन का पालन करने की अपील की है।
यातायात पुलिस के अनुसार, कांठ रोड से आने वाली रोडवेज बसें कोठीवाल डेंटल कॉलेज तक ही आएंगी और वहीं से वापस लौटेंगी। इसी तरह बिलारी, सम्भल और दिल्ली रोड की ओर से आने वाली निजी एवं रोडवेज बसों को आजाद नगर मोड़, टीपी नगर तक ही आने की अनुमति होगी। इसके बाद बसें उसी मार्ग से वापस जाएंगी।
ठाकुरद्वारा, काशीपुर, स्वार और टांडा रोड की ओर से आने वाली बसें काशीपुर तिराहा तक आएंगी और वहीं से वापस लौटेंगी। वहीं रामपुर-बरेली की ओर से आने वाली रोडवेज बसों का संचालन प्रेम वंडर लैंड पुल तक रहेगा। बसें यहां से वापस अपने निर्धारित मार्ग पर लौटेंगी।
रात 2 बजे तक रहेगी भारी वाहनों की नो-एंट्री
यातायात पुलिस ने बताया कि सामान्य दिनों में शहर क्षेत्र में भारी वाहनों की नो-एंट्री सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक रहती है। जन्माष्टमी पर्व को देखते हुए 4/5 सितंबर को यह प्रतिबंध सुबह 6 बजे से रात 2 बजे तक प्रभावी रहेगा।
यातायात पुलिस का कहना है कि जन्माष्टमी के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ और शहर में बढ़ने वाले यातायात दबाव को देखते हुए यह व्यवस्था की गई है। परिस्थितियों और आवश्यकता के अनुसार डायवर्जन व्यवस्था में बदलाव भी किया जा सकता है।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे पर्व के दौरान निर्धारित रूट डायवर्जन का पालन करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें@शांतनु/INN
