वाराणसी से दिल्ली जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक फ्लाइट को बीच रास्ते में लखनऊ एयरपोर्ट पर आपात स्थिति में उतारना पड़ा। फ्लाइट IX 1253 के कार्गो कंपार्टमेंट से धुएं का संकेत मिलने के बाद एहतियातन यह फैसला लिया गया।
विमान ने सुबह 08:52 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की। इसके बाद एयरपोर्ट की इमरजेंसी टीम ने तुरंत विमान का निरीक्षण किया। शुरुआती जांच में विमान के अंदर कहीं भी धुआं नहीं मिला।
फ्लाइट को एयरपोर्ट के स्टैंड पर पार्क कर दिया गया और 09:02 बजे यात्रियों को विमान से उतारने की प्रक्रिया शुरू हुई। विमान में मौजूद 155 यात्री और क्रू मेंबर पूरी तरह सुरक्षित बताए गए हैं। मामले की आगे जांच की जा रही है।
