दिल्ली में मंगलवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब तीन स्कूलों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली। सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं और एहतियात के तौर पर स्कूलों को खाली करा दिया गया।
धौला कुआं स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल से बम की धमकी मिलने की सूचना दमकल विभाग को दी गई। इसके बाद दिल्ली पुलिस, दमकल विभाग और इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम मौके पर पहुंची। सुरक्षा के मद्देनजर स्कूल परिसर में मौजूद छात्रों और स्टाफ को बाहर निकाल दिया गया।
सुरक्षाकर्मियों ने पूरे कैंपस की बारीकी से तलाशी ली। हालांकि, जांच के दौरान किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक नहीं मिला। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने धमकी को फर्जी बताया है।
इसी तरह सरदार पटेल विद्यालय को भी ईमेल के जरिए बम की धमकी मिली थी। यहां भी समय रहते स्कूल को खाली कराया गया और सुरक्षा टीमों ने पूरे परिसर की जांच की। तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध सामान नहीं मिला।
अधिकारियों के मुताबिक, धमकी भेजने वाले ईमेल की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर ये धमकी किसने और कहां से भेजी। मामले की आगे की जांच जारी है।
स्कूल की ओर से बताया गया कि मिडिल स्कूल के छात्रों की परीक्षाएं पूरी हो चुकी हैं, जबकि सीनियर स्कूल के अधिकांश एग्जाम भी समाप्त हो गए हैं। जिन छात्रों की परीक्षाएं अभी बाकी हैं, उनके संबंध में सुरक्षा स्थिति को देखते हुए आगे निर्णय लिया जाएगा।
