मुरादाबाद। जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने ग्राम पंचायत लोधीपुर राजपूत पहुंचकर ग्रामीणों के साथ मिलकर स्वच्छता अभियान में सहभागिता करते हुए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण का संदेश दिया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने उपस्थित ग्रामवासियों को स्वच्छता की शपथ दिलाते हुए कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक विभाग या व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने ग्रामीणों से अपने घर, आसपास के क्षेत्र तथा सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने और अन्य लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

जिलाधिकारी ने कहा कि स्वच्छता को दैनिक जीवन की आदत बनाकर ही स्वच्छ और स्वस्थ समाज का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ग्राम पंचायत में नियमित साफ-सफाई, कूड़ा निस्तारण तथा स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए।

अभियान के दौरान जिलाधिकारी ने पंचायत सचिवालय में आशीर्वाद का दीया प्रज्वलित किया। उन्होंने ग्रामीणों एवं उपस्थित अधिकारियों-कर्मचारियों से स्वच्छता अभियान में निरंतर सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

कार्यक्रम में सहकारी बैंक के अध्यक्ष वीरभान सिंह, एसडीएम सदर, जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ), खण्ड विकास अधिकारी, एडीओ पंचायत सहित संबंधित अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे@शांतनु/INN
