मुरादाबाद। स्वच्छता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए गुरुवार शाम मुरादाबाद में अनूठा नजारा देखने को मिला। ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026’ के शुभारंभ के अवसर पर नगर निगम की ओर से शहरभर में एक साथ करीब दो लाख दीप प्रज्ज्वलित किए गए। शाम छह बजे जैसे ही अलग-अलग स्थानों पर दीप रोशन हुए, मुरादाबाद रोशनी से नहा उठा। आयोजन के जरिए शहरवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ ही अभियान को जनभागीदारी से जोड़ने का संदेश दिया गया।
नगर निगम ने दीपोत्सव के लिए शहर के प्रमुख स्थलों के साथ ही सभी 70 वार्डों को शामिल किया। श्रीराम वाटिका और हनुमान वाटिका में 25-25 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए गए, जबकि संविधान पार्क में भी 25 हजार दीपों से भव्य रोशनी की गई। मेजर ध्यानचंद भारतीय खेल पार्क में 15 हजार दीप जलाए गए। इसके अतिरिक्त महानगर के सभी 70 वार्डों में एक-एक हजार दीपों से स्वच्छता का संदेश रोशन किया गया।
सर्किट हाउस, प्रमुख चौराहों और दिल्ली रोड स्थित स्मारकों सहित विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों पर दीप प्रज्ज्वलन किया गया। निर्धारित समय पर अनेक स्थानों पर एक साथ दीप जलने से महानगर का वातावरण उत्सवी नजर आया।
दीपों के साथ दिया स्वच्छता का संदेश
नगर निगम का यह आयोजन केवल रोशनी तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसके माध्यम से स्वच्छता को लेकर सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश देने का प्रयास किया गया। लोगों से अपने घर, मोहल्ले और आसपास के सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने तथा स्वच्छता गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की गई।
नगर निगम का उद्देश्य है कि स्वच्छता केवल सरकारी विभागों की जिम्मेदारी न रहकर प्रत्येक नागरिक के दैनिक जीवन का हिस्सा बने। दीप प्रज्ज्वलन के माध्यम से इसी सामूहिक भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
दो अक्टूबर तक चलेगा अभियान
‘स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026’ 17 सितंबर से शुरू होकर 2 अक्टूबर तक चलेगा। अभियान के दौरान महानगर के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान, स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम और जनभागीदारी से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी@शांतनु/INN
